नयी दिल्ली , अप्रैल 07 -- कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मणिपुर में हुए हिंसक घटना पर सोशल मीडिया के माध्यम से गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार पर हमला बोला है।

श्री गांधी ने कहा, "बीएसएफ जवान के घर में सोते हुए दो मासूम बच्चों की हत्या की खबर दिल को चीर देने वाली है। मणिपुर में पिछले तीन साल से जारी हिंसा की आग में आज भी निर्दोष बच्चे झुलस रहे हैं और शांति के कोई संकेत नजर नहीं आ रहे।" उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार इस मुद्दे पर संवेदनहीन बनी हुई है और मानो यह भूल चुकी है कि मणिपुर के बच्चे भी देश का भविष्य हैं।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर सरकार कब जागेगी और कब तक मणिपुर के लोग अपने ही लोगों की लाशें गिनते रहेंगे। उन्होंने दोहराया कि शांति ही इस संकट का एकमात्र समाधान है, जिसके लिए सभी समुदायों को साथ लाकर संवेदनशीलता के साथ प्रयास करने होंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील करते हुए कहा कि मणिपुर केवल एक राज्य नहीं, बल्कि देश की जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर दिया कि केवल बयान या औपचारिक दौरे पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि हालात को काबू में लाने के लिए ठोस और तत्काल कदम उठाना जरूरी है।

गौरतलब है कि मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में मंगलवार सुबह एक घर पर हुए संदिग्ध रॉकेट हमले में दो बच्चों की मौत पर मणिपुर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। इसके बाद जिले में कर्फ्यू लगा दिया गया। सरकार ने एहतिहाती कदम उठाते हुए मंगलवार को पांच जिलों में तीन दिनों के लिए इंटरनेट और मोबाइल डेटा सर्विस को रोकने का आदेश दे दिया हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित