इंफाल , नवंबर 01 -- मणिपुर में सुरक्षा बलों ने रविवार को व्यापक संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान दो लोगों के शव बरामद किए। दोनों व्यक्ति 28 अक्टूबर को कांगपोकपी जिले से लापता हो गए थे।
पुलिस के अनुसार, एसपी रोड के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-2 के पूर्वी क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया, जिसके दौरान दोनों शव मिले। यह बरामदगी कांगपोकपी जिले में बढ़े तनाव के बीच हुई है। कांगपोकपी स्थित संगठन कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी (सीओटीयू) ने दोनों लापता युवकों की सुरक्षित और बिना शर्त रिहाई की मांग को लेकर 48 घंटे के पूर्ण बंद का आह्वान किया था।
पूर्ण बंद 29 अक्टूबर को शाम पांच बजे शुरू हुआ था और 31 अक्टूबर को शाम पांच बजे समाप्त होना था। सीओटीयू ने बंद और मणिपुर के राजमार्गों पर नाकेबंदी को कल तक बढ़ा दिया। संगठन ने लापता व्यक्तियों की पहचान तांगगिनलुन चोंगलोई और पाओगिनलाल हांगसिंग के रूप में की थी। दोनों ताफौ गांव के निवासी थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित