इम्फाल , मई 14 -- मणिपुर में दो समूहों के बीच फिर से भड़की हिंसा में अज्ञात व्यक्तियों ने अलग-अलग समुदायों के चार लोगों की हत्या कर दी है और 38 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया है।
राज्य के गृह मंत्री के. गोविंदस ने कहा है कि अगवा किए गए लोगों को सुरक्षित छुड़ाने के प्रयास जारी हैं। बुधवार को जैसे ही हत्याओं की खबर फैली, दोनों समुदायों के लोगों ने अलग-अलग इलाकों में दूसरे संघर्षरत समुदायों के लोगों का अपहरण करना शुरू कर दिया।
गृह मंत्री ने अगवा किए गए लोगों का विवरण साझा नहीं किया। उन्होंने आज जेएनआईएमएस अस्पताल का दौरा किया, जहां उनके साथ विधायक अवांगबो न्यूमई, काशिम वाशुम, जमेनलुंग पामेई और दीपू गंगमेई भी मौजूद थे। वे यहाँ नोनी जिले के डोलंग गांव के रहने वाले विल्सन थंगा के शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे।
श्री गोविंदस ने कहा कि विल्सन थंगा ने जौजंगटेक में संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा किए गए कायराना हमले में अपनी जान गंवा दी, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी जघन्य हरकतें उन लोगों द्वारा की जा रही हैं जो मणिपुर में शांति, सद्भाव और एकता को भंग करना चाहते हैं। श्री थंगा की कल गोली मारकर हत्या कर दी गई थी और उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए जेएनआईएमएस लाया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित