इम्फाल , फरवरी 18 -- सुरक्षा बलों ने बुधवार को मणिपुर के विभिन्न जिलों में चलाए गए व्यापक अभियान के दौरान हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा बरामद करने के साथ ही अवैध बंकरों को नष्ट कर दिया तथा प्रतिबंधित संगठनों के दो सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया ।
एक अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने इम्फाल पश्चिम जिले के पटसोई थाना क्षेत्र के अंतर्गत नैरंगबम तानौखुल रोड से लोंगा कोइरेंग की ओर जाने वाले इलाके से बड़ी मात्रा में हथियार, गोला बारूद बरामद किए। इनमें में एक डबल बैरल बंदूक, मैगजीन के साथ एक देशी पिस्तौल, विभिन्न बोर के 181 कारतूस, तीन मैगजीन, दो हैंड ग्रेनेड, एक डेटोनेटर और चार्जर के साथ एक वायरलेस हैंडसेट शामिल है।
एक अलग कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने इम्फाल पूर्व से एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया। एक अन्य अभियान में इम्फाल पूर्व जिले से ही एक उग्रवादी संगठन के सदस्य को पकड़ा गया। वह जिले के लामलाई थाना क्षेत्र के चान मई लेइकाई का निवासी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित