इम्फाल , जून 07 -- मणिपुर पुलिस और सुरक्षा बलों ने तेंगनौपाल जिले में भारत-म्यांमार सीमा (आईएमबी) से भारी मात्रा में हथियार, संचार उपकरण और देसी बम (आईईडी) के अवशेष बरामद किये हैं।
पुलिस ने रविवार को बताया कि अलग-अलग अभियानों में दो सक्रिय उग्रवादियों और अवैध शराब की तस्करी में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
पुलिस के अनुसार यह बरामदगी पांच जून को तेंगनौपाल जिले के मोरेह थाना के तहत चोनजांग कंपनी ऑपरेटिंग बेस (सीओबी) से लगभग 12 किलोमीटर दक्षिण में सीमा स्तंभ संख्या 72 और 73 के बीच के इलाके से की गयी। जब्त की गयी वस्तुओं में एक देसी लाथोड गन, मैगजीन के साथ एक नौ एमएम की पिस्टल, मैगजीन के साथ अमेरिका निर्मित एक प्वांइंट टू-टू कैलिबर की पिस्टल, चार रेडियो सेट और चार आईईडी के अवशेष शामिल हैं।
एक अन्य घटनाक्रम में सुरक्षा बलों ने शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 202 और 102ए पर लिटान, महादेव और सिनाकेथेल के आसपास के इलाकों में एक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। इस अभियान का उद्देश्य कोटलैन में हाल ही में हुई हिंसा का असर अन्य क्षेत्रों में फैलने से रोकना था।
इस कार्रवाई के दौरान दोनों समुदायों की आबादी वाले गांवों में संयुक्त रूप से गश्त की गयी और कई बंकरों का पता लगाकर उन्हें नष्ट कर दिया गया।
सुरक्षाकर्मियों ने शांति बनाये रखने में सहयोग मांगने के लिए ग्राम अधिकारियों और नागरिक समाज संगठनों (सीएसओ) के साथ भी बातचीत की। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों को क्षेत्र में सुरक्षा बलों की निरंतर मौजूदगी का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों से अपील की गयी कि वे स्थानीय युवाओं को हिंसा में शामिल होने या कहीं और होने वाली घटनाओं से प्रभावित होने से रोकें।
अधिकारियों ने कहा कि स्थानीय आबादी की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने तथा लोगों और सामान की आवाजाही के लिए राजमार्गों को सुरक्षित रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
इसी बीच सुरक्षा बलों ने पांच जून को थौबाल जिले के लिलोंग थाना के तहत स्टोन क्रशर क्षेत्र के पास वैथौ संगोमसांग से एक प्रतिबंधित संगठन के दो सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया है।
शनिवार को ही चलाये गये एक अन्य अभियान में, मणिपुर पुलिस ने अवैध शराब ले जाने के आरोप में इम्फाल ईस्ट जिले के हीनगांग थाने के तहत फिजम लीराक से दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित