इंफाल , सितंबर 25 -- मणिपुर में कामजोंग जिले के पिलोंग गांव में गुरुवार को एक सशस्त्र हमले में पिता-पुत्र सहित चार लोगों की मौत हो गयी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतकों की पहचान कांगपट खुलेन के फामी जाजो और उनके पिता वरीशिम जाजो; कांगपट खुनौ के बेटरसन जाजो और ज़िंगसुई गांव के निंगथेम काशक के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि हमले में उखरुल के अखान कपिंग नाम के एक पांचवें व्यक्ति की जान बच गयी और उसने अधिकारियों को घटना की सूचना दी।

मणिपुर पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इस घटना की पुष्टि नहीं की है।

यह घटना भारत-म्यांमार सीमा के पास दूर-दराज के पिलोंग इलाके में हुई, जो कामजोंग जिला मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर है।

शुरुआती स्थानीय जानकारी के अनुसार हमला सीमा स्तंभ 91 और 93 के बीच हुआ, जबकि आधिकारिक जानकारी के अनुसार यह जगह सीमा स्तंभ 95 के पास थी। इसके बाद सुरक्षाकर्मी इलाके में पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए बरामद किया गया।

'तांगखुल नागा लॉन्ग' (टीएनएल) ने घटना की निंदा करते हुए अपने अधिकार क्षेत्र में 24 घंटे के आपातकालीन पूर्ण बंद की घोषणा की है, जो 25 सितंबर की सुबह सात बजे शुरू होकर 26 सितंबर की सुबह सात बजे तक चलेगा। टीएनएल ने आरोप लगाया है कि इस हमले के लिए म्यांमार स्थित 'कुकी नेशनल आर्मी-बर्मा' (केएनए-बी) के संदिग्ध कैडर और अन्य सशस्त्र कुकी समूह जिम्मेदार थे।

संगठन ने कहा कि यह बंद चार निर्दोष नागरिकों की क्रूर हत्या के विरोध में किया जा रहा है।

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने हत्याओं पर गहरी चिंता व्यक्त की और चारों पीड़ितों को ऐसे नागरिक बताया जिन्हें बिना किसी डर के जीने का अधिकार था। उन्होंने खास तौर पर फामी जाजो और उनके पिता वारेइशिम जाजो की हत्या का ज़िक्र किया और अखान कापिंग के लिए चिंता जतायी, जो हमले में बच गये थे।

श्री बिरेन ने कहा कि सीमा पार से होने वाले हमले कोई नयी बात नहीं हैं और उन्होंने सीमा की सुरक्षा को पेशेवर, सतर्क और मज़बूत बनाने की बात कही। उन्होंने केन्द्र सरकार से भारत-म्यांमार सीमा पर ज़्यादा ध्यान देने का आग्रह किया, खासकर म्यांमार में जारी सशस्त्र संघर्ष को देखते हुए। उन्होंने वास्तविक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा कर्मियों को प्रभावी ढंग से तैनात करने की ज़रूरत पर भी ज़ोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित