इंफाल , मई 25 -- मणिपुर के इंफाल में नागा पीपल्स यूनियन ने आज सभी बंधकों की रिहाई और कुकी उग्रवादियों के साथ संघर्ष विराम को निलंबित करने की मांग को लेकर एक विरोध मार्च का आयोजन किया।

समाज के सभी वर्गों और राज्य के विभिन्न हिस्सों से सैकड़ों लोग न्यू चेकॉन ट्राइबल मार्केट में जमा हुए और मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर मार्च किया।

एक प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर जाने की अनुमति दी गई और वहां बातचीत हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि वह इस मामले को देखेंगे।

प्रतिनिधिमंडल ने एक ज्ञापन भी सौंपा। जिसमें कहा गया था कि 'सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशन' (एसओओ) समझौते के तहत आने वाले हथियारबंद कुकी उग्रवादियों ने 13 मई को लीलॉन वाइफेई गांव के इलाके में कथित तौर पर लीलॉन वाइफेई के मुखिया , गांव के लोगों की मिलीभगत से कोन्साखुल (कंसाराम) के 20 निर्दोष नागा नागरिकों को बंधक बना लिया था। इनमें से 14 महिलाओं को 15 मई को रिहा कर दिया गया था, लेकिन छह पुरुषों को अभी तक रिहा नहीं किया गया है।

ज्ञापन में निर्दोष नागा नागरिकों के अपहरण में शामिल एसओओ के तहत आने वाले हथियारबंद कुकी उग्रवादियों के खिलाफ तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने, दोषियों को गिरफ्तार करने और उन्हें कानून की अदालत में मुकदमा चलाने की मांग की गई।

ज्ञापन में एसओओ समझौते के तहत हथियारबंद कुकी उग्रवादियों द्वारा अभी भी बंधक बनाए गए निर्दोष नागा नागरिकों को बचाने और रिहा करने के लिए एक अभियान शुरू किये जाने की भी मांग की गई।

ज्ञापन में सरकार से 13 मई को नोनी जिले के जौजांगटेक गांव में कुकी उग्रवादियों द्वारा विल्सन थांगा चिरू की हत्या के मामले को भी उठाने का आग्रह किया गया।

ज्ञापन में एस.डब्ल्यू. चिनाओशांग और यारिंगम वाशुम की हत्या के लिए भी न्याय की मांग की गई, जिन पर गत 18 अप्रैल, को मणिपुर के उखरुल जिले में लिटन पुलिस स्टेशन के अंतर्गत टीएम कसम (रौदेई) के पास घात लगाकर हमला किया गया था।

ज्ञापन में उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन को मंत्रिपरिषद से हटाने की मांग की गई, क्योंकि उनके पति एस.टी. थांगबोई किपगेन, 'कुकी नेशनल फ्रंट-प्रेसिडेंशियल' (केएनएफ-पी) और 'यूनाइटेड पीपल्स फ्रंट' (यूपीएफ) के अध्यक्ष हैं। यूपीएफ , एसओओ के तहत आने वाले हथियारबंद कुकी समूहों का एक साझा मंच है। केएनएफ-पी पर 20 बेकसूर नागा नागरिकों का अपहरण करने का आरोप लगाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित