इंफाल , मई 2 -- सुरक्षा बलों और मणिपुर पुलिस ने राज्य के जिलों में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान के तहत नशीले पदार्थ के तस्करों को गिरफ्तार किया है।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक सुरक्षा बलों ने गत 30 अप्रैल को उख्रुल जिले के लिटान पुलिस थाना क्षेत्र के मोंगकोट चेपु, शोंगफेल, मुल्लम, सिरारखोंग और रिंग्यू गांवों की पहाड़ी श्रृंखलाओं में स्थित 23 अवैध निर्मित बंकरों को ध्वस्त कर दिया। इस अभियान के दौरान एक 12 बोर की पंप-एक्शन बंदूक, विभिन्न कैलिबर के 17 जीवित कारतूस, 111 चले हुए खोखे, एक बैटरी चार्जर, एक मैगजीन पाउच और एक जोड़ी जंगली जूते बरामद किए गये।

इसी दिन एक अन्य कार्रवाई में मणिपुर पुलिस ने चार वाहनों को रोका जो बिना उचित अनुमति के संदिग्ध पेट्रोलियम और डीजल उत्पादों के 25 कंटेनर मोरेह की ओर ले जा रहे थे। वाहनों के चालकों की पहचान चंदेल जिले के एल्विस लमकांग, थोउबाल जिले के मोहम्मद अबास खान, चंदेल जिले के डांगसावा कोशिल पिपाचुम और काकचिंग जिले के मोहम्मद मुजीबुर रहमान के रूप में हुई। इन चारों को हिरासत में ले लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित