दीमापुर , जून 11 -- नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने मणिपुर में कुकी समुदाय द्वारा कथित रूप से छह निर्दोष नागाओं की हत्या को "दुखद, अमानवीय एवं भयावह" करार देते हुए गुरुवार को निर्दोषों को न्याय सुनिश्चित करने के लिए सभी ज़रूरी एवं तत्काल कदम उठाने की केंद्र और मणिपुर सरकारों से अपील की ।
सोशल मीडिया पोस्ट में श्री रियो ने कहा कि इस घिनौने अपराध के लिए ज़िम्मेदार लोगों की पहचान होनी चाहिए, उन्हें पकड़ा जाना चाहिए और कानून के तहत उन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा, "जवाबदेही ज़रूरी है। निष्पक्ष, पारदर्शी एवं भरोसेमंद प्रक्रिया के ज़रिए ही लोगों में कुछ हद तक भरोसा फिर से कायम किया जा सकता है।"श्री रियो ने आगे कहा कि यह बर्बर एवं निंदनीय कार्य इंसानी ज़िंदगी की पवित्रता एवं इंसानियत के सबसे बुनियादी उसूलों की अनदेखी करता है। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा ज़ुल्म है जिसकी हर समझदार इंसान और समाज के हर वर्ग को कड़े से कड़े शब्दों में निंदा करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह त्रासदी और भी ज़्यादा दुखद और परेशान करने वाली है क्योंकि यह घटना तब हुई जब नागा लोगों ने शांतिपूर्ण और बिना किसी शर्त के उन सभी 14 कुकी बंधकों को सुरक्षित रिहा किया जो उनकी हिरासत में थे।
श्री रियो ने कहा, "कैद के दौरान उनकी भलाई, सुरक्षा एवं सम्मान का पूरा ध्यान रखा गया। उनके साथ मानवीय और दयापूर्ण व्यवहार किया गया और बिना किसी रुकावट के उनकी सभी आवश्यकताओं को पूरा किया गया।" उन्होंने सभी समुदायों की रक्षा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों से ठोस और निष्पक्ष कदम उठाने की मांग की और कहा कि ऐसे समय में लोगों को सरकार, कानून के शासन और शांति-व्यवस्था बनाए रखने की ज़िम्मेदारी वाली संस्थाओं पर भरोसा बनाए रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा कम होने से नाज़ुक एवं खतरनाक स्थिति और बिगड़ जाएगी। उन्होंने सभी नागरिकों, खासकर मणिपुर, नागालैंड, पूर्वोत्तर क्षेत्र और म्यांमार में रहने वाले नागा लोगों से शांत एवं अडिग रहने की अपील की।
शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए श्री रियो ने कहा कि वह इस दुखद और कठिन समय में पूरे नागा परिवार के साथ एकजुटता से खड़े हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित