इंफाल , जून 18 -- सुरक्षा बलों ने बुधवार को मणिपुर के कई जिलों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया और इस दौरान हथियार तथा गोला-बारूद बरामद किये, बंकर हटाये और अवैध चेक पोस्ट नष्ट किये गये।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि सुरक्षा बलों ने सबसे अहम अभियान में कांगपोकपी जिले के लीमाखोंग थाना क्षेत्र में आने वाले चार गांवों लीलोन वाइफेई, लीलोन खुनौ, एल. मुनलुई और कोंसाखुल में तलाशी ली।
तलाशी के दौरान 11 सिंगल-बैरल ब्रीच-लोडिंग (एसबीबीएल) बंदूकें, 12-बोर के 294 कारतूस, बारूद के दो पैकेट, 34 खाली कारतूस के खोल और छह बुलेटप्रूफ वेस्ट (जैकेट) बरामद किये गये। इसके बाद, इन गांवों के आसपास मिले 30 बंकर, आउटपोस्ट और रणनीतिक शिविरों को नष्ट कर दिया गया। जांच-पड़ताल के लिए चार लोगों को हिरासत में लिया गया। एक अलग अभियान में, चूराचांदपुर जिले के चूराचांदपुर थाना क्षेत्र के तहत आने वाले एस. नबिल गांव और लोइलामकोई गांव में सुरक्षा बलों ने एक अवैध जांच चौकी और एक बंकर को नष्ट कर दिया। कांगपोकपी जिले के साइकुल थाना इलाके में चार मोर्चे/बंकर गिरा दिये गये। थिंगफाई गांव और सी. खोलेन गांव में दो-दो बंकर नष्ट किये गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित