इंफाल , अगस्त 02 -- मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने पिछले दो दिनों में चलाए गये अभियान के दौरान कई उग्रवादियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किये गये तथा नशीले पदार्थ एवं अवैध शराब ज़ब्त की गई।

पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक अगस्त को एक बड़े अभियान में सुरक्षा बलों ने तेंगनौपाल ज़िले के मोरेह पुलिस स्टेशन के तहत सीमा स्तम्भ 72 और 73 के बीच के जंगली इलाके से हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया।

बरामद सामान में एक 9 एमएम पिस्तौल, एक दुनाली बंदूक, छह रेडियो सेट, दो हैंड ग्रेनेड और छह आईईडी शामिल थे, जिन्हें वहीं नष्ट कर दिया गया।

पुलिस ने आज एक अलग अभियान में थौबल ज़िले के थौबल पुलिस स्टेशन के तहत अरोन्ग नदी के किनारे एकोक पाट से हथियारों और गोला-बारूद का एक और बड़ा जखीरा बरामद किया।

बरामद सामान में दो इंसास राइफल, एक एमपी-5 सबमशीन गन, एक एसएलआर राइफल, दो .303 राइफल, आठ मैगज़ीन, एक स्मोक बम और अलग-अलग कैलिबर के 379 जिंदा कारतूस शामिल थे।

सुरक्षा बलों ने कल इंफाल पश्चिम ज़िले के अवांगखुनोउ लमखाई में एक उग्रवादी को पकड़ा। उसी दिन, मणिपुर पुलिस ने बिष्णुपुर ज़िले के कुम्बी पुलिस स्टेशन के तहत वांगू अहल्लुप सनासम लीकाई में एक उग्रवादी को उसके घर से गिरफ्तार किया।

सुरक्षा बलों ने आज इंफाल पश्चिम ज़िले के पटसोई पुलिस स्टेशन के तहत सलाम मामंग लीकाई में कथित एक महिला उग्रवादी को उसके घर से गिरफ्तार किया।

मणिपुर पुलिस ने काचिंग लमखाई में एक कार को रोका और गाड़ी के अंदर छिपाई गई 429 लीटर स्थानीय शराब वाले 40 प्लास्टिक के पैकेट बरामद किए। दो लोगों को हिरासत में लिया गया।

मणिपुर पुलिस ने सेनापति ज़िले के सेनापति पुलिस स्टेशन के तहत टी खुलेन नाका चेक पोस्ट पर असम के डिब्रूगढ़ निवासी अरुण दत्ता को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उससे एक कार और 80 ग्राम वज़न वाले संदिग्ध ब्राउन शुगर के आठ साबुन के डिब्बे ज़ब्त किए।

पुलिस ने कहा कि मोटर वाहन अपराधों के खिलाफ अपना अभियान भी जारी रखा गया। 27 जुलाई से दो अगस्त के बीच, पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 152 चालान काटे और कुल 1,25,000 रुपये का जुर्माना वसूला। इसी दौरान, नियमों का उल्लंघन करने वाली 42 गाड़ियों से टिंटेड फ़िल्में हटाई गईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित