इंफाल , सितंबर 06 -- मणिपुर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने रविवार को राज्य के सभी 60 विधानसभा क्षेत्रों के अंतिम फोटो मतदाता सूची प्रकाशित किए जाने की घोषणा की। यह प्रकाशन निर्वाचन आयोग द्वारा 14 मई 2026 को जारी निर्देशों के अनुपालन में किया गया है।

राज्य के संबंधित निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों ने इन सूचियों का प्रकाशन किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार सिन्हा ने मतदाताओं से अंतिम फोटो मतदाता सूची में अपना नाम सत्यापित करने की अपील की है। मतदाता निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी और बूथ स्तर अधिकारियों के कार्यालयों में सूची देख सकते हैं अथवा मणिपुर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट से इसकी प्रति डाउनलोड कर सकते हैं।

यह प्रक्रिया 18 मई 2026 तक के 20,93,076 मतदाताओं के प्रारंभिक आंकड़े से शुरू हुई थी। इनमें 10,10,317 पुरुष, 10,82,459 महिलाएं और 300 अन्य लिंग के मतदाता शामिल थे। बूथ स्तर अधिकारियों के माध्यम से सभी मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए थे, लेकिन इनमें से 19,34,399 प्रपत्र ही वापस प्राप्त हुए। इसके परिणामस्वरूप 1,58,677 मतदाताओं को प्रारूप मतदाता सूची से बाहर कर दिया गया।

मतदाता सूची से बाहर किए गये मतदाताओं में 34,740 अनुपस्थित, 72,473 स्थानांतरित, 43,000 मृत और 7,394 दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाता पाए गए, जबकि 1,070 मतदाता अन्य श्रेणियों में थे।

पांच जुलाई को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में कुल 19,34,399 मतदाता थे। इनमें 9,40,446 पुरुष, 9,93,660 महिलाएं और 293 अन्य लिंग के मतदाता शामिल थे। इसमें निर्वाचक-जनसंख्या अनुपात 51.29 और लिंगानुपात 1,057 था।

इनमें से 18,43,221 मतदाताओं का स्वयं या वंशज के रूप में मिलान किया गया था, जबकि 91,178 का मिलान नहीं हो पाया था। स्वयं से मिलान किए गए मतदाताओं की संख्या 9,56,409 और वंशज के रूप में मिलान किए गए मतदाताओं की संख्या 8,86,812 थी।

इसके बाद पांच जुलाई से दो सितंबर 2026 तक चली नोटिस अवधि के दौरान सभी 91,178 बिना मिलान वाले मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए। इसके अलावा 11,30,655 मतदाताओं को तार्किक विसंगतियों के लिए चिह्नित किया गया था। इस तरह कुल 12,21,833 नोटिस जारी किए गए।

दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अवधि पांच जुलाई से चार अगस्त 2026 तक थी। इस दौरान अंतिम मतदाता सूची के लिए कुल 96,985 दावे और आपत्तियां दाखिल की गईं, जिनका निपटारा किया गया। पांच जुलाई से पहले प्राप्त प्रपत्रों को भी अंतिम प्रकाशन के लिए संसाधित किया गया। इसके परिणामस्वरूप प्रारूप मतदाता सूची में 56,871 मतदाता जोड़े गए, जबकि 30,650 मतदाताओं के नाम हटा दिए गये।

मणिपुर की 2026 की अंतिम मतदाता सूची में अब कुल 19,60,620 मतदाता हैं। इनमें 9,53,350 पुरुष, 10,06,962 महिलाएं और 308 अन्य लिंग के मतदाता शामिल हैं।

इसी बीच, एक जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानकर सेवा मतदाताओं के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत अंतिम मतदाता सूची भी रविवार को प्रकाशित की गई। इसमें कुल 20,819 सेवा मतदाता पंजीकृत हैं।

अंतिम फोटो मतदाता सूचियों की प्रतियां और बिना फोटो वाली इलेक्ट्रॉनिक प्रतियां रविवार को हुई बैठक में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों को सौंप दी गयीं।

इसी बीच, एक जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानकर सेवा मतदाताओं के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत अंतिम मतदाता सूची भी आज प्रकाशित की गयी। इसमें कुल 20,819 सेवा मतदाता पंजीकृत हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित