इंफाल , जनवरी 28 -- मणिपुर में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने एक टोल-फ्री नारकोटिक्स हेल्पलाइन शुरू की है।

अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि यह हेल्पलाइन चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगी और इसके जरिए आम नागरिक ड्रग तस्करी तथा इससे जुड़े अपराधों की सूचना दे सकेंगे। यह समर्पित हेल्पलाइन नंबर 1800-345-1934 को राज्यभर में लागू किया गया है। पुलिस ने सभी नागरिकों, विशेषकर सरकारी कर्मचारियों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना दें और नशा विरोधी अभियान में सहयोग करें।

इस बीच मणिपुर पुलिस ने हेरोइन की बड़ी खेप के साथ दो अलग-अलग मामलों में गिरफ्तारियां की है। पुलिस ने काकचिंग थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-102 पर पल्लेल न्यू ब्रिज के पास से सुनीलकुमार सहनी को गिरफ्तार किया। उसके पास से 11 साबुनदानी में छिपाकर रखी गई लगभग 124 ग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन) बरामद की गई। दूसरी कार्रवाई में नंबोल क्षेत्र से एमडी बासिर खान, निवासी क्वाक्ता खुमान वार्ड नंबर-4, को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में पुलिस ने 1.029 किलोग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन), एक मोबाइल फोन और एक चार पहिया वाहन जब्त किया। इसके अलावा, सुरक्षा बलों ने थौबल जिले के लिलोंग तुरेल खुल निवासी एमडी साबिर खान को भी गिरफ्तार किया, जिस पर वाहन चोरी (व्हीकल लिफ्टिंग) में संलिप्त होने का आरोप है।

नशा विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने मंगलवार को तेंगनौपाल जिले के माची थाना क्षेत्र की पहाड़ियों में स्थित पांच एकड़ अवैध अफीम (पोस्त) की खेती को भी नष्ट कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित