नयी दिल्ली , सितंबर 08 -- दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में मणिपुर के संगीतकार सी विक्रम सिंह की सोमवार को पीट-पीटकर हत्या के मामले में एक नाबालिग समेत सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि पुलिस के साथ बातचीत में उन्हें बताया गया कि इस मामले में आठ-नौ दिनों के भीतर एक मजबूत आरोपपत्र दाखिल किया जायेगा, ताकि आरोपियों को बिना देरी किए उचित सजा मिल सके। उन्होंने जोर दिया कि कड़ी सजा देना बहुत जरूरी है, ताकि लोगों को एहसास हो कि ऐसी घटनाओं को हल्के में नहीं लिया जा सकता। ऐसी घटनाएं राजनीति का विषय नहीं हैं और तेजी से की गयी कार्रवाई ही मायने रखती है।
उन्होंने यह भी बताया कि अब जब भी पूर्वोत्तर क्षेत्र के लोगों से जुड़ी कोई घटना होती है, तो पुलिस तुरंत कार्रवाई करती है क्योंकि इसके लिए एक खास यूनिट है, जिसे 'उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विशेष पुलिस इकाई' (एसपीयूएनईआर) कहा जाता है। उन्होंने कहा कि मृतक विक्रम सिंह का शव मणिपुर ले जाया जायेगा और पुलिस उनके परिवार से मिली है तथा हरसंभव मदद दी जा रही है।
गौरतलब है कि श्री सिंह के घर के नीचे एक ढाबे पर आरोपियों द्वारा किये जा रहे शोर-शराबे को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस की प्रारंभिक जांच से पता चला है कि मृतक एक अवकाशप्राप्त संगीतकार थे और उन्होंने अपने घर के सामने डिलीवरी बॉयज और ढाबे के कर्मचारियों द्वारा किये जा रहे शोर और हुड़दंग पर आपत्ति जतायी थी। श्री सिंह जब नीचे आये और आपत्ति जतायी, तो आरोपियों ने उन पर लात-घूंसे बरसाये।
हमले के कारण उन्हें चोटें आयी और बाद में उनका बेटा उन्हें अस्पताल ले गया , जहां उनकी मौत हो गयी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और हमले एवं मौत की वजह बनी परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। कानून के मुताबिक जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हत्या की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है और नाबालिग समेत आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित