इंफाल , अक्टूबर 22 -- मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने गुरुवार को तेंगनौपाल जिले के माची प्रखंड के मरिंग नागा बहुल गांवों के प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा और सामुदायिक विकास से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई करेगी।
श्री सिंह ने इंफाल स्थित मुख्यमंत्री आवास पर प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक के दौरान यह आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गांव के मुखिया जाजो सिल्वेस्टर ने किया। इसमें मरिंग उपाराप विधानसभा के अध्यक्ष वैरोक हैंगशिंग और माची गांव के अध्यक्ष बोस्को मरिंग भी शामिल थे।
बैठक के दौरान प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को क्षेत्र के निवासियों की कई गंभीर समस्याओं से अवगत कराया और गांवों के सामने आने वाली चुनौतियों के समाधान के लिए सरकार से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख रूप से सड़कों और पुलों की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया। उसने माची प्रखंड के गांवों के बीच संपर्क व्यवस्था बेहतर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि आवागमन सुगम हो सके और लोगों को आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिले।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार से माची स्थित मौजूदा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उन्नत करने की मांग भी की। प्रतिनिधियों ने कहा कि इस उन्नयन से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा और स्थानीय लोगों को चिकित्सा सेवाएं अधिक आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।
सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर प्रतिनिधिमंडल ने माची प्रखंड के थाने में पुलिसकर्मियों की कमी का मामला उठाया और बताया कि इस थाने में लगभग 50 गांवों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने के लिए केवल 25 पुलिसकर्मी हैं। प्रतिनिधिमंडल ने कानून-व्यवस्था मजबूत करने और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती का अनुरोध किया।
प्रतिनिधिमंडल ने माची प्रखंड में बैंक ऑफ बड़ौदा की सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं की ओर भी ध्यान दिलाया। बताया गया कि यह इस क्षेत्र में सेवा देने वाला एकमात्र बैंक है। प्रतिनिधियों ने बैंक कर्मचारियों, ग्राहकों और संपत्ति की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम करने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके अलावा, प्रतिनिधिमंडल ने प्रत्येक गांव में एक सामुदायिक भवन बनाने की मांग की, ताकि सार्वजनिक बैठकों, सामाजिक समारोहों और अन्य सामुदायिक गतिविधियों के आयोजन में सुविधा हो सके।
मरिंग नागा समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले शीर्ष नागरिक संगठन मरिंग उपाराप विधानसभा ने कहा कि क्षेत्र के विकास और लोगों के जीवन स्तर में सुधार के लिए इन मुद्दों का समाधान करना महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं और सदस्यों को आश्वासन दिया कि सरकार उनकी मांगो पर आवश्यक कदम उठायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित