इम्फाल , अप्रैल 13 -- मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने सोमवार को इम्फाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर चल रहे नये एकीकृत टर्मिनल भवन के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की।

इस दौरान भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को परियोजना की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। सिविल इंजीनियरिंग प्रबंधक देवीप्रसाद जी.एम. ने निर्माण की गति और प्रमुख विकासों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

अधिकारियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए राज्य सरकार के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने हवाई अड्डे पर मौजूदा एयर कार्गो टर्मिनल का भी निरीक्षण किया।

यशनांद इंजीनियर्स एंड कॉन्ट्रैक्टर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्मित यह नया टर्मिनल हवाई अड्डा की अवसंरचना और यात्रियों को बेहतर अनुभव देने महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पूरा होने पर यह 24 घंटे परिचालन को सक्षम बनाएगा जिससे हवाई अड्डे के वर्तमान 12-14 घंटे के संचालन समय को बढ़ाकर प्रतिदिन 24 घंटे कर दिया जायेगा।

उन्नत सुविधा से यात्रियों को संभालने की क्षमता प्रति वर्ष 13 लाख से बढ़कर 50 लाख होने का अनुमान है। पार्किंग क्षमता में भी काफी विस्तार होगा जो मौजूदा 100 वाहनों से बढ़कर नये परिसर में 1000 से अधिक हो जाएगा।

मुख्यमंत्री के साथ आये वरिष्ठ अधिकारियों में मुख्य सचिव डॉ. पुनीत कुमार गोयल, अतिरिक्त मुख्य सचिव (परिवहन) अनुराग बाजपेयी, मुख्यमंत्री के आयुक्त एन. अशोक कुमार, परिवहन निदेशक डायना देवी और लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता बिस्वचंद्र सिंह के साथ-साथ भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अधिकारी भी शामिल थे।

इससे पहले दिन में, मुख्यमंत्री ने पाओना बाजार में चल रहे सड़क विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को गुणवत्ता मानकों को बनाये रखते हुए काम में तेजी लाने का निर्देश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित