इम्फाल , अप्रैल 18 -- मणिपुर सरकार ने शनिवार को पांच जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को तत्काल प्रभाव से बहाल करने की घोषणा की, जिससे निवासियों और आवश्यक सेवा प्रदाताओं को बड़ी राहत मिली है।
यह निर्णय मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा और हालिया निलंबन के दौरान जनता को होने वाली असुविधाओं को देखते हुए लिया गया है।
गृह विभाग के संयुक्त सचिव एम. वीटो ने कहा कि इम्फाल पश्चिम, इम्फाल पूर्व, थोउबल, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों में वीपीएन सेवाओं सहित मोबाइल इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाओं के अस्थायी निलंबन को रद्द कर दिया गया है। सेवाओं की बहाली का उद्देश्य दैनिक जीवन में आ रही बाधाओं को कम करना है, विशेष रूप से उन संस्थानों और सेवाओं के लिए जो पूरी तरह इंटरनेट कनेक्टिविटी पर निर्भर हैं।
गत सात अप्रैल से तनावपूर्ण स्थिति के बीच एहतियाती तौर पर लगाये गये इस निलंबन ने कई क्षेत्रों को प्रभावित किया था। इंटरनेट की कमी के कारण सरकारी कार्यालयों, अदालतों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवसायों को कामकाज में चुनौतियों का सामना करना पड़ा। ऑनलाइन लेनदेन, आवश्यक सेवाओं की बुकिंग और संचार जैसी गतिविधियां भी काफी प्रभावित हुईं।
अधिकारियों ने बताया कि नागरिकों को होने वाली कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए इंटरनेट से प्रतिबंध हटाने का निर्णय जनहित में लिया गया है। प्रशासन ने हालांकि जनता से इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय सावधानी और जिम्मेदारी बरतने का आग्रह किया है, साथ ही चेतावनी दी है कि किसी भी दुरुपयोग के कारण दोबारा पाबंदियां लगायी जा सकती हैं। इंटरनेट सेवाओं में ढील के बावजूद, प्रभावित जिलों में कर्फ्यू की पाबंदियां बरकरार हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए एहतियात के तौर पर कर्फ्यू लागू रहेगा। सुरक्षा बल तैनात हैं और आवाजाही पर प्रतिबंधों की कड़ी निगरानी की जायेगी।बिष्णुपुर जिले को छोड़कर, जहां सुबह 5:00 बजे से 10:00 बजे तक ढील दी गयी थी, अन्य जगहों पर आज सुबह 5:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गयी। बिष्णुपुर जिले के ट्रोंगलाओबी में सात अप्रैल को दो बच्चों की हत्या के बाद से मणिपुर में तनाव बना हुआ है।
सरकार स्थिति पर पैनी नजर रख रही है और जमीनी हालात के आधार पर आगे के फैसले लिए जायेंगे। निवासियों को कर्फ्यू के दिशा-निर्देशों का पालन करने और शांति एवं स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों के साथ सहयोग करने की सलाह दी गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित