इंफाल , मई 30 -- मणिपुर के उखरुल जिले में सुरक्षा बलों के एस्कॉर्ट (सुरक्षा घेरे) के बावजूद कुकी उग्रवादियों द्वारा की गई घात लगाकर हमले में एक ट्रक चालक की मौत हो गई। इस घटना के विरोध में आज इंफाल पश्चिम जिले के केथलमांबी में सैकड़ों ट्रक चालकों ने प्रदर्शन किया। इस हमले में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।

प्रदर्शनकारियों ने परिवहन कर्मियों पर हो रहे हमलों की कड़ी निंदा की और चेतावनी दी कि जब तक पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई बाधित रहेगी। प्रदर्शन के समर्थन में तेल और एलपीजी टैंकरों सहित बड़ी संख्या में ट्रक केथलमांबी में खड़े रहे।

चालकों ने बताया कि वे इंफाल-जिरीबाम सेक्टर से सामान ले जा रहे थे क्योंकि मुख्य राजमार्ग (इंफाल-माओ) कुकी संगठनों द्वारा अवरुद्ध है। उन्होंने कहा कि इंफाल-जिरीबाम मार्ग पर भी उन्हें भारी सुरक्षा एस्कॉर्ट के साथ चलना पड़ता है।

मणिपुर पुलिस के अनुसार, घटना 29 मई की है, जब सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम (मणिपुर पुलिस, सीआरपीएफ, बीएसएफ और आरएएफ) एफसीआई ट्रकों और एलपीजी/आईओसीएल टैंकरों को याइंगंगपोकपी से उखरुल ले जा रही थी। तभी रौदेई (टीएम कासोम) गांव के पास कुकी उग्रवादियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-202 के ऊपर पहाड़ियों से भारी गोलीबारी की।

मृत ड्राइवर की पहचान नीतीश के रूप में हुई, जो पश्चिम बंगाल के हुगली ज़िले का रहने वाला था। इससे पहले, इसी इलाके में दो नागा लोगों की भी गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी।

यह काफिला उखरुल ज़िले में ज़रूरी सामान पहुंचा रहा था, क्योंकि इस इलाके में चल रही नाकेबंदी और बंद के कारण कई गाड़ियां कई दिनों से फंसी हुई थीं। यह हमला इंफाल-उखरुल मार्ग पर बढ़े हुए तनाव के बीच हुआ। इससे पहले, उसी दिन सुरक्षा बलों ने कथित तौर पर शंगकाई इलाके के पास प्रदर्शनकारियों द्वारा लगाये गये अवरोधों को हटा दिया था, ताकि ज़रूरी सामान की आवाजाही आसान हो सके।

मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने इस हत्या की निंदा करते हुए इसे कायरतापूर्ण कृत्य बताया और कहा कि आवश्यक वस्तुओं को ले जाने वाले चालकों को निशाना बनाकर स्थिति को और बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। सुरक्षा बलों ने हमलावरों को पकड़ने के लिए टीएम कासोम और पाटलेइजंग इलाकों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित