नयी दिल्ली , सितंबर 09 -- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने बुधवार को दिल्ली में मणिपुरी संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की भीड़ द्वारा की गई निर्मम हत्या की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इस घटना को राजधानी दिल्ली में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और बढ़ती अराजकता का प्रत्यक्ष प्रमाण करार दिया है।

भाकपा के यहां जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि घर के बाहर हो रहे शोर-शराबे का विरोध करने पर एक जाने-माने संगीतकार को तीन मंजिलों तक खदेड़कर पीट-पीटकर मार डाला जाना बेहद चौंकाने वाला और भयावह है। पार्टी ने कहा कि चोंगथम विक्रम सिंह को पहले भी धमकियां मिलने की रिपोर्टें इस पूरी घटना को और अधिक गंभीर बनाती हैं, जिसकी गहन जांच होनी बहुत जरूरी है।

भाकपा ने दिल्ली पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह के मातहत काम करने वाली दिल्ली पुलिस नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही है। आखिरकार आवासीय इलाकों में भीड़ इस तरह की हिंसा बेखौफ होकर कैसे अंजाम दे सकती है? भाकपा ने पूर्वोत्तर के लोगों के खिलाफ संभावित नस्लीय पक्ष की समुचित जांच कराने की पुरजोर मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित