इंफाल , फरवरी 23 -- मणिपुरी फिल्म 'बूंग' ने लंदन में आयोजित 79वें ब्रिटिश अकादमी फिल्म अवार्ड (बाफ्टा) 2026 में 'सर्वश्रेष्ठ चिल्ड्रन एवं फैमिली फिल्म' श्रेणी का प्रतिष्ठित पुरस्कार हासिल किया है।
मणिपुर की लक्ष्मीप्रिया देवी द्वारा निर्देशित और एक्सेल एंटरटेनमेंट (निर्माता फरहान अख्तर) के बैनर तले बनी यह फिल्म बाफ्टा में प्रवेश पाने वाली एकमात्र भारतीय फिल्म थी। पुरस्कार ग्रहण करते हुए लक्ष्मीप्रिया देवी ने अपने संबोधन में मणिपुर में शांति की बहाली की अपील की।
फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में 'लिलो एंड स्टिच', 'आर्को' और 'ज़ूट्रोपोलिस 2' जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए यह सम्मान हासिल किया। समारोह में फरहान अख्तर और उनकी पत्नी शिबानी दांडेकर भी उपस्थित रहीं।
मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने बधाई संदेश में कहा, "लक्ष्मी प्रिया देवी को 79वें ब्रिटिश एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन अवॉर्ड्स (बाफ्टा) 2026 में उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई। 'बूंग' का सर्वश्रेष्ठ चिल्ड्रन एवं फैमिली फिल्म का प्रथम पुरस्कार जीतना न केवल मणिपुर बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है।" उन्होंने मणिपुर में शांति की वापसी और आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों के अपने घर लौटने की कामना भी की।
करीब 94 मिनट की यह फिल्म मणिपुर की पृष्ठभूमि पर आधारित है। कहानी एक छोटे बच्चे 'बूंग' के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी मां को उपहार देकर चौंकाना चाहता है। अपनी मासूम सोच में वह मानता है कि अपने लापता पिता को घर वापस लाना ही सबसे बड़ा तोहफा होगा। पिता की तलाश में निकला बूंग अप्रत्याशित सच्चाइयों का सामना करता है। यह खोज उसे मणिपुर के सीमावर्ती कस्बे मोरेह और पड़ोसी देश म्यांमार तक ले जाती है।
फिल्म में गुगुन किपगेन, बाला हिजाम निंगथौजाम, अंगोम सनामतुम, विक्रम कोचर, मोधुबाला थौदम, जेनी खुरई, नेमेतिया नंगबाम, एधौ और हामोम सदानंदा ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं।
'बूंग' का वर्ल्ड प्रीमियर 2024 में टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में हुआ था। इसके अलावा फिल्म ने इंटरनेशनल साउथ एशियन फिल्म फेस्टिवल (कनाडा) में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म, एशिया पैसिफिक स्क्रीन अवॉर्ड्स (ऑस्ट्रेलिया) में सर्वश्रेष्ठ यूथ फिल्म का पुरस्कार जीता। इसे इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (गोवा) में सर्वश्रेष्ठ डेब्यू निर्देशक श्रेणी में नामांकन मिला और इंडी मेमे फिल्म फेस्टिवल (ऑस्टिन, टेक्सास) में ऑडियंस चॉइस अवॉर्ड भी प्राप्त हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित