इंफाल , जनवरी 24 -- मणिपुर में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग अभियानों में बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद करते हुए एक सक्रिय उग्रवादी कैडर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को इंफाल पूर्व जिले के सागोलमांग थाना क्षेत्र के अंतर्गत चानुंग पहाड़ी शृ्ंखला की तलहटी से हथियारों और उपकरणों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया। सुरक्षा बलों ने सैकड़ों एकड़ में फैली अवैध अफीम की खेती को भी नष्ट किया है।
तेंगनौपाल जिले के मोरेह थाना क्षेत्र के अंतर्गत बॉर्डर पिलर नंबर-79 के पास पांगल बस्ती इलाके से एक उग्रवादी संगठन के सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 9 एमएम पिस्टल, दो मैगजीन, 30 जिंदा गोलियां, एक एम्युनिशन पाउच, सिम कार्ड सहित मोबाइल फोन, एक कलाई घड़ी और टॉर्च बरामद की गई।
उधर, एक अलग कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने नारकोटिक्स अफेयर्स एंड बॉर्डर विंग तथा वन विभाग के साथ मिलकर चुराचांदपुर जिले के सिंगनगट थाना क्षेत्र के अंतर्गत ज़ौखोनुआम पहाड़ी शृंखला में लगभग 15 एकड़ में फैली अवैध अफीम की खेती को नष्ट किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित