नयी दिल्ली , जून 29 -- तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद कांग्रेस के लोकसभा सांसद मणिकम टैगोर ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया।

इस दौरान श्री टैगोर ने पार्टी नेतृत्व के उन पर जताए गए विश्वास के लिए धन्यवाद दिया और संगठन को मजबूत करने के अपने संकल्प को दोहराया।

उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावनात्मक संदेश साझा करते हुए कहा , "मैं कोई पद ग्रहण नहीं कर रहा हूं, बल्कि एक जिम्मेदारी स्वीकार कर रहा हूं। मैं नेता के रूप में नहीं, बल्कि आपके भाई, बड़े भाई और मित्र के रूप में इस यात्रा की शुरुआत कर रहा हूं।"उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि देश की मिट्टी, भाषा, संस्कृति, परंपराओं और लोकतंत्र की रक्षा का एक महान आंदोलन है, जिसे और अधिक मजबूत करना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

श्री टैगोर ने कहा कि 2026 में कांग्रेस सरकार में भागीदारी करेगी और इसके बाद पार्टी का अगला लक्ष्य 2029 का लोकसभा चुनाव होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि देश की सत्ता जनता के हाथों में वापस लानी है और राहुल गांधी को भारत का प्रधानमंत्री बनाना है। उन्होंने संदेश के अंत में कहा, "आइए, एकजुट हों. साथ मिलकर काम करें. और जीत हासिल करें।"उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले मणिकम टैगोर अभिनेता-विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) के साथ चुनावी गठबंधन के पक्षधर रहे हैं। उनकी नियुक्ति को आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर तमिलनाडु कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित