छिंदवाड़ा , सितंबर 04 -- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में दादाजी धूनी वाले मंदिर के पास रेलवे स्टेशन क्षेत्र में गुरुवार देर रात आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान हादसा हो गया। मटकी फोड़ने के लिए बनाए गए मानव पिरामिड पर चढ़ा एक युवक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया। हादसे में युवक की कमर और हाथ में चोट आई है।
घायल युवक की पहचान जुन्नारदेव निवासी कुशल यादव के रूप में हुई है। वह प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए छिंदवाड़ा पहुंचा था। मानव पिरामिड के सबसे ऊपरी हिस्से में चढ़कर मटकी फोड़ने का प्रयास करते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से नीचे आ गिरा।
हादसे के बाद आयोजन स्थल पर मौजूद लोगों ने तत्काल युवक को संभाला। कार्यक्रम स्थल पर एंबुलेंस की व्यवस्था होने के कारण घायल कुशल यादव को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
आयोजकों के अनुसार मटकी फोड़ प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 50 हजार रुपये रखा गया था। पुरस्कार जीतने के लिए अलग-अलग गोविंदा टीमों के बीच मुकाबला चल रहा था। इसी दौरान मानव पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ने के प्रयास में कुशल यादव हादसे का शिकार हो गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित