चंडीगढ़ , मार्च 03 -- शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने मंगलवार को पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर राज्य के खजाने के दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए गंभीर सवाल उठाये हैं।
अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जानकारी साझा करते हुए श्री मजीठिया ने लिखा कि आम आदमी पार्टी पिछले चार वर्षों से अपने राजनीतिक हितों को साधने के लिए पंजाब सरकार के खजाने का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले सरकारी स्कूलों और अस्पतालों को नीले और पीले रंगों में रंगा गया था और इस रंग योजना के संबंध में सरकार द्वारा औपचारिक निर्देश भी जारी किये गये थे, जिसकी विभिन्न हलकों से आलोचना हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अब पीआरटीसी की बसों को भी आम आदमी पार्टी के झंडे के रंगों में रंगा जा रहा है।
मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए श्री मजीठिया ने कहा, " भगवंत मान, क्या यही वह 'क्रांति' है, जिसका आपने पंजाब के लोगों से वादा किया था? क्या अब आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी नीली शर्ट और पीली पैंट पहनने के लिए कहा जाएगा?"उन्होंने टिप्पणी की कि ऐसा प्रतीत होता है कि आम आदमी पार्टी 'ऑलवेज एडवरटाइजमेंट पार्टी' (हमेशा विज्ञापन देने वाली पार्टी) बन गयी है, जिसने पंजाब के वास्तविक विकास के लिए कुछ नहीं किया। इसके बजाय, उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब और पूरे देश में व्यापक विज्ञापनों के माध्यम से सरकार ने सार्वजनिक खजाने को खाली कर दिया है और राज्य के लोगों को गुमराह किया है।
श्री मजीठिया ने कहा कि सरकार का समय अब सीमित है और पंजाब के एक-एक रुपये का हिसाब लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित