जयपुर (वार्ता) राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने नगर निकाय चुनाव को केवल प्रत्याशियों का नहीं, बल्कि संगठन की सामूहिक शक्ति और कार्यकर्ताओं के परिश्रम का चुनाव बताते हुए कहा है कि भाजपा का मजबूत संगठन, समर्पित कार्यकर्ता और सरकार की उपलब्धियां पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं।

श्री राठौड़ शुक्रवार को यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय में नगर निकाय चुनाव को लेकर चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी विभागों एवं मोर्चों से आपसी समन्वय के साथ टीम भावना से कार्य किया जाये।

इस अवसर पर संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने चुनाव प्रबंधन में संगठन के विभिन्न स्तरों पर बेहतर तालमेल, बूथ स्तर तक प्रभावी संपर्क तथा सभी कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर समन्वय पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रबंधन की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि निर्धारित दायित्वों को समयबद्ध, योजनाबद्ध और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ किस प्रकार निभाया जाता है।

बैठक में पिछले चुनावों के अनुभवों को भी साझा किया गया और उनसे मिले अनुभवों के आधार पर आगामी नगर निकाय चुनाव के लिए रणनीति को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा सहित पार्टी के विभिन्न मोर्चों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण मानते हुए उनके कार्यों का स्पष्ट विभाजन किया गया। साथ ही मीडिया, सोशल मीडिया और प्रचार-प्रसार के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श हुआ।

मीडिया एवं सोशल मीडिया टीम द्वारा प्रभावी संचार रणनीति बनाने तथा मॉनिटरिंग टीम द्वारा चुनावी गतिविधियों की निरंतर समीक्षा एवं फीडबैक की व्यवस्था को लेकर भी दिशा-निर्देश दिये गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित