झांसी , जुलाई 8 -- भारतीय जनता पार्टी ( वार्ता) के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि बूथ संगठन की मजबूती ही पार्टी की चुनावी सफलता का सबसे बड़ा आधार है।

उन्होंने भरोसा जताया कि बूथ अध्यक्षों और बूथ समितियों की सक्रियता तथा समर्पण के बल पर भाजपा वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक विजय हासिल करेगी।

बुधवार को झांसी जिला एवं महानगर में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलनों को संबोधित करते हुए धर्मपाल सिंह ने कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी सक्रियता, निरंतर संपर्क और लक्ष्य आधारित कार्यशैली प्रत्येक चुनावी परिणाम को विजय में बदलने की क्षमता रखती है।

उन्होंने कहा कि संगठन के सभी कार्यक्रम और अभियान प्रत्येक बूथ तक प्रभावी ढंग से पहुंचने चाहिए। इसके लिए बूथ समितियों को पूरी तरह सक्रिय कर प्रत्येक पदाधिकारी और सदस्य को उसकी क्षमता और योग्यता के अनुरूप जिम्मेदारी सौंपी जाए। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नेताओं की सहभागिता सुनिश्चित करना आवश्यक है। "मेरा बूथ, सबसे मजबूत" के संकल्प को बूथ अध्यक्षों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माध्यम बनाया जाए, ताकि हर बूथ संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त बन सके।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने नए कार्यकर्ताओं और समर्थकों को पार्टी से जोड़ने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के साथ सतत संवाद, संपर्क और सेवा गतिविधियों के माध्यम से संगठन का जनाधार और अधिक मजबूत किया जाना चाहिए। धर्मपाल सिंह ने बूथ अध्यक्षों से संगठन द्वारा तय प्रत्येक कार्यक्रम को अनुशासन, निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ लागू करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता अपने परिश्रम और समर्पण के लिए जाना जाता है तथा कठिन से कठिन लक्ष्य को भी प्राप्त करने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसा संगठन है, जहां बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और कार्यकुशलता के बल पर मंडल अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे दायित्व तक पहुंच सकता है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ को आदर्श बूथ बनाने का संकल्प लेकर कार्य करे।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और सुव्यवस्थित प्रबंधन के दम पर भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2027 में एक बार फिर प्रचंड जनादेश के साथ सरकार बनाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित