सिरसा , जून 14 -- हरियाणा की सिरसा जिला पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने मजदूर वर्ग के लोगों के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर दर्जनों ट्रैक्टर खरीदकर खुर्द-बुर्द करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कुलदीप सिंह निवासी मौजू की ढाणी, ऐलनाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है।
आर्थिक अपराध शाखा प्रभारी इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि सीएचएन इंडस्ट्रियल प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत जसवीर निवासी टिब्बादाना शेर, जिला हिसार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार रिसालिया खेड़ा निवासी सूर्यप्रकाश, जो रिलेशनशिप मैनेजर के तौर पर ट्रैक्टर लोन करवाने का कार्य करता था, ने अपने साथियों के साथ मिलकर मजदूरों के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए।
आरोप है कि आरोपियों ने पद का दुरुपयोग करते हुए ऐलनाबाद की सतगुरु ऑटोमोबाइल्स एजेंसी से तीन तथा डबवाली क्षेत्र की विभिन्न एजेंसियों से 29 ट्रैक्टर फाइनेंस करवाकर निकलवाए और बाद में उन्हें बेच दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित