बहराइच , जुलाई 03 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में मत्स्य पालक समुदाय की सामाजिक एवं सांस्कृतिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मछुआ बाहुल्य ग्रामों में उत्सव भवन बनाए जाएंगे। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समिति की बैठक में तीन विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य बाबू राम ने बताया कि मत्स्य पालक कल्याण कोष योजना के तहत जनपद के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के मछुआ बाहुल्य ग्राम में एक-एक उत्सव भवन निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए थे।
उन्होंने बताया कि पयागपुर विधानसभा के ग्राम पंचायत भंगहा, कैसरगंज विधानसभा के विकासखंड फखरपुर स्थित ग्राम पंचायत सिंगरो तथा महसी विधानसभा के विकासखंड तेजवापुर की ग्राम पंचायत चंदनपुर सिकड़िया में उत्सव भवन निर्माण के प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिन्हें जिला स्तरीय समिति ने सर्वसम्मति से अनुमोदित कर दिया।
अधिकारियों के अनुसार प्रत्येक उत्सव भवन पर कुल 1.41 करोड़ रुपये की लागत आएगी। भवन में सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए एक विशाल सभागार, तीन कमरे, दिव्यांगजन की सुविधा के लिए भूतल पर एक विशेष कक्ष, पुरुष एवं महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय, मंडप तथा स्टेज का निर्माण कराया जाएगा।
जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुमोदित प्रस्तावों के साथ शासन को बजट उपलब्ध कराने के लिए तत्काल पत्र भेजा जाए, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, लोक निर्माण विभाग एवं विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, जिला पंचायत राज अधिकारी, मत्स्य निरीक्षक तथा संबंधित ग्राम पंचायतों के प्रधान उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित