हैदराबाद , जून 07 -- हैदराबाद यातायात पुलिस ने सोमवार को नामपल्ली के एग्जिबिशन ग्राउंड में आयोजित होने वाले वार्षिक 'मछली प्रसादम' वितरण कार्यक्रम के मद्देनजर रविवार को यातायात मार्ग में परिवर्तन की घोषणा की ।

इस कार्यक्रम के दौरान आयोजन स्थल के आसपास यातायात जाम की आशंका को देखते हुए यह मार्ग परिवर्तन सोमवार सुबह छह बजे से मंगलवार की रात आठ बजे तक प्रभावी रहेगा। यातायात पुलिस ने कहा कि इस बदलाव का उद्देश्य वाहनों की सुचारू आवाजाही और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

पुलिस के अनुसार, नामपल्ली की तरफ से चार पहिया वाहनों से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन गृह कल्प, गगन विहार और चंद्र विहार में खड़े करेंगे और वहाँ से पैदल एग्जिबिशन ग्राउंड की गेट संख्या की ओर जाएंगे। एमजे मार्केट की तरफ से आने वाले दो पहिया वाहन मनोरंजन कॉम्प्लेक्स में खड़े किए जाएंगे, जबकि नामपल्ली की ओर से आने वाले दो पहिया वाहनों को शेजान होटल के पास भीम राव बाड़ा के पास खड़ा किया जाएगा। एमजे मार्केट की तरफ से बसों और वैन से आने वाले लोग गांधी भवन बस स्टॉप पर उतरेंगे, जबकि नामपल्ली की तरफ से आने वाले लोग गृह कल्प बस स्टॉप पर उतरेंगे।

विशिष्ट अतिथि (वीआईपी) पास धारक जो एमजे मार्केट की तरफ से आएंगे, वे गांधी भवन और अदब होटल वाली गली से होते हुए गेट संख्या एक और सीडब्ल्यूसी गेट की तरफ वीआईपी पार्किंग क्षेत्र में जाएंगे। सरकारी वाहनों, बसों और वैन को सीडब्ल्यूसी पार्किंग क्षेत्र में खड़ा किया जाएगा। यातायात पुलिस ने बताया कि एमजे मार्केट की तरफ से आने वाले वाहनों को आबिद और जीपीओ की तरफ मोड़ दिया जाएगा। वहीं एमजे ब्रिज और बेगम बाजार छतरी से नामपल्ली की ओर जाने वाले यातायात को अलास्का चौराहे से दारुसलाम और एक मीनार की तरफ मोड़ दिया जाएगा। एमजे मार्केट और ताज आईलैंड के बीच निजी ट्रैवल कंपनियों की बसों और भारी वाहनों को आने-जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें एमजे मार्केट और एआर पेट्रोल पंप से जीपीओ की तरफ मोड़ दिया जाएगा।

मछली ले जाने वाले मत्स्य पालन विभाग के वाहनों, जल बोर्ड के पानी के टैंकरों और वैध पास वाले स्वयंसेवी संगठनों के भोजन सामग्री ले जाने वाले वाहनों को गेट संख्या तीन से प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित