मुरैना , अगस्त 27 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के माता बसैया थाना क्षेत्र में मछली पकड़ने के दौरान आसन नदी के तेज बहाव में बहे ग्वालियर निवासी दोनों युवकों के शव गुरुवार को एसडीआरएफ की टीम ने करीब 20 घंटे की मशक्कत के बाद बरामद कर लिए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्वालियर निवासी तीन युवक बुधवार को ईद के जुलूस के बाद माता बसैया थाना क्षेत्र स्थित आसन नदी में मछली पकड़ने पहुंचे थे। तीनों नदी में उतरकर मछली पकड़ रहे थे, तभी इरशाद और अशोक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए, जबकि उनका तीसरा साथी किसी तरह नदी से बाहर निकल आया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने दोनों युवकों की तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने के कारण बुधवार रात रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा।

गुरुवार तड़के एसडीआरएफ ने दोबारा रेस्क्यू अभियान शुरू किया और करीब 20 घंटे की मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव नदी से बरामद कर लिए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित