भरतपुर , अगस्त 02 -- राजस्थान में करौली जिले के मामचारी थाना क्षेत्र में मांच गांव में मामचारी बांध पर भेड़ों को पानी पिला रहे एक चरवाहे को मगरमच्छ हमला कर गहरे पानी में खींच ले गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि मौके पर मौजूद दो ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर चरवाहा बबलेश मीणा (26) का शव तालाब से निकाला।
सूत्रों ने बताया कि मगरमच्छ बबलेश के एक पैर को जबड़े में दबाकर गहरे पानी में खींच ले गया। बबलेश ने खुद को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन वह मगरमच्छ के चंगुल से नहीं बच सका। हादसा देखकर मौके पर मौजूद दो ग्रामीण बलिराम मीणा और हरेती मीणा अपनी जान जोखिम में डालकर बांध में कूद गए। उन्होंने बबलेश को मगरमच्छ के चंगुल से छुड़ाकर बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित