बहराइच , जुलाई 05 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में सरयू नहर में मगरमच्छ के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान मोहकमपुरवा क्षेत्र के ग्राम पंचायत चफरिया निवासी केतकी (55) पत्नी रमेश के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि केतकी शनिवार शाम करीब छह बजे पड़ोसी गांव हजारीपुरवा में रिश्तेदार विजय प्रकाश के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से अकेले निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की।

आज सुबह करीब नौ बजे रमपुरवा गांव के पास सरयू नहर के 10 नंबर पुल से लगभग 600 मीटर दूर ग्रामीणों ने एक मगरमच्छ को महिला के शव को मुंह में दबाए हुए देखा। शव का एक पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त था तथा शरीर पर कई गहरे घाव पाए गए। घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विनोद वर्मा की मदद से किसी तरह मगरमच्छ के चंगुल से शव को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ उपनिरीक्षक मारकंडे मिश्रा, सत्तार, लेखपाल अरुण कुमार तथा ग्राम प्रधान अजीज अहमद भी मौजूद रहे। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित