पटना , मई 08 -- बिहार सरकार में नवनियुक्त सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने शुक्रवार को कहा कि शहद एवं मखाना उत्पादक एवं प्रसंस्करण के लिए प्रखंड स्तरीय समितियों को गठित कर किसानों को उनके उत्पादन का समुचित लाभ दिलाया जाएगा। राम कृपाल यादव ने आज सहकारिता मंत्री का पदभार ग्रहण कर लिया।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने विभाग में बतौर मंत्री अपनी प्राथमिकताएं बताईं।
श्री यादव ने कहा कि उनकी प्राथमिकता सहकारिता का सर्वांगीण विकास होगा। उन्होंने कहा कि सहकारिता से समाज के सभी वर्गों, विशेषकर समाज के कमजोर वर्गों, महिलाओं एवं युवाओं को जोड़ने पर विशेष बल दिया जाएगा। सहकारिता का सबसे मजबूत स्तंभ पैक्स है। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता पैक्सों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना होगी। पैक्सों में ग्रामीण अर्थव्यवस्था से संबंधित सभी प्रकार के व्यवसाय को प्रारंभ किया जाएगा। सहकारी बैंकों को मजबूत बनाना प्राथमिकता रहेगी।
श्री यादव ने कहा कि सहकारी बैंकों के कस्टमर बेस को बढ़ाना एवं बैंकों में नवीनतम तकनीकी के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर कृषि ऋण दिया जाना एवं उनकी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अधिप्राप्ति के साथ-साथ विभिन्न प्रकार की गतिविधियों को पैक्स में प्रोत्साहित किया जाएगा।
सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि अब कृषि के साथ-साथ विनिर्माण एवं सेवा क्षेत्र में भी सहकारिता को प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों में आधुनिकतम टेक्नोलॉजी एवं पेशेवर प्रबंधन को प्रोत्साहित कर उन्हें प्रतिस्पर्धी बनाया जाएगा। वेजफेड को मजबूत करने के लिए सब्जी उत्पादक समितियों को सशक्त बनाया जाएगा।
इस अवसर पर विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह, सहयोग समितियों के निबंधक रजनीश कुमार सिंह समेत विभिन्न अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित