बैतूल , अक्टूबर 20 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के धौल गांव में मक्के के बड़े खाने के बाद एक ही परिवार के पांच सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें चार महिलाएं और एक बुजुर्ग शामिल हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बुजुर्ग की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आईसीयू में रखा गया है। परिवार ने खाने में इस्तेमाल तेल में कीटनाशक होने की आशंका जताई है।

परिजनों के अनुसार, बीती रात घर में मक्के के बड़े बनाए गए थे। उन्हें खाने पर स्वाद बेहद कड़वा लगा और तेल से तेज, संदिग्ध गंध भी आई। कुछ ही देर में परिवार के पांचों सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

परिवार ने आशंका जताई है कि तेल में कीटनाशक मिलाया गया हो सकता है। हालांकि, तेल में जहरीले पदार्थ की मौजूदगी और उसके दूषित होने के कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

कोतवाली में पदस्थ उपनिरीक्षक छत्रपाल धुर्वे ने बताया कि परिजनों ने इस्तेमाल किया गया तेल और कीटनाशक की एक खाली बोतल पुलिस को सौंपी है। संदिग्ध सामग्री जब्त कर नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, मरीजों की हालत में सुधार के बाद उनके विस्तृत बयान दर्ज किए जाएंगे। प्रयोगशाला और मेडिकल रिपोर्ट तथा बयानों के आधार पर मामले की स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित