ग्वालियर , सितंबर 28 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक मकान मालिक पर किराये से रहने वाली महिला के कमरे में आधी रात को घुसकर छेड़छाड़ करने और अंदर से कुंडी लगाकर लाइट बंद करने का आरोप लगा है। पुरानी छावनी थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के पंचा का पुरा, मोतीझील दुगनावली निवासी 29 वर्षीय महिला अपने पति के साथ आरोपी कालू गुर्जर के मकान में किराये से रहती है। उसका पति ट्रक चलाता है और काम के सिलसिले में कई दिनों तक बाहर रहता है।

महिला ने शिकायत में बताया कि 28 मई की रात आंधी-बारिश के कारण बिजली गुल थी। गर्मी के चलते वह कमरे का दरवाजा खुला रखकर सो रही थी। रात करीब 1.30 से 2 बजे के बीच उसे पैर छूने का अहसास हुआ। नींद खुलने पर उसने देखा कि कमरे में अंधेरा था। बल्ब जलाने पर मकान मालिक कालू गुर्जर कमरे में खड़ा दिखाई दिया। महिला के अनुसार आरोपी ने कमरे की कुंडी अंदर से लगा रखी थी।

महिला के पूछने पर आरोपी ने पहले कमरे में सांप होने की बात कही और बाद में पानी पीने के लिए आने की बात बताई। महिला ने उसे कमरे से बाहर जाने को कहा, लेकिन वह कमरे में रखे मटके से पानी पीने के बाद दरवाजे की कुंडी खोलकर बाहर चला गया।

महिला ने घटना के बाद अपने पति को फोन कर पूरी बात बताई। पति के आने तक वह डर के कारण कमरे में वापस नहीं गई और अपने चाचा के घर चली गई। इसके बाद वह पति के साथ अपनी ससुराल चली गई। अब महिला ने पुलिस में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित