खरगोन , जून 20 -- मध्य प्रदेश में खरगोन जिले के बलवाड़ा थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में मकान के सामने गड्ढा खोदने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दो पड़ोसी परिवारों के 11 लोग घायल हो गए है।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर 13 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। बलवाड़ा के थाना प्रभारी रितेश यादव ने बताया कि शुक्रवार रात सखाराम राठौर और उसके पड़ोसी राजेश राठौर के बीच मकान के सामने गड्ढा खोदने को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थरों, लकड़ी के डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। संघर्ष में कुल 11 लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए बलवाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए आज खरगोन और इंदौर के अस्पतालों में रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार सखाराम राठौर की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ तथा राजेश राठौर की शिकायत पर नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच कुछ दिन पहले भी इसी तरह का विवाद हुआ था, जिसे आपसी समझौते से सुलझा लिया गया था। हालांकि, पुराने तनाव के चलते विवाद एक बार फिर हिंसक झड़प में बदल गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित