वाराणसी , जनवरी 15 -- मकर संक्रांति के पावन अवसर पर बाबा विश्वनाथ की विशेष मध्याह्न भोग आरती संपन्न हुई। इस शुभ अवसर पर परंपरागत एवं सात्त्विक अन्न से बाबा का भोग लगाया गया। मध्याह्न भोग आरती में बाबा विश्वनाथ को खिचड़ी, चिवड़ा, मूंगफली की पट्टी, पापड़ तथा अचार का भोग अर्पित किया गया।
भोग अर्पण के पश्चात् विधि-विधान से आरती संपन्न हुई, जिसमें श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति भावना स्पष्ट रूप से झलक रही थी। मकर संक्रांति के इस पावन पर्व पर मंदिर परिसर में भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था। श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। मंदिर प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्थाएँ सुचारु रूप से सुनिश्चित की गईं, जिससे दर्शन एवं पूजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
वहीं श्रद्धालुओं के भीड़ को देखते हुए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। साथ ही मंदिर जाने वाले मार्ग को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है। वीआईपी प्रोटोकाल भी सभी निरस्त किए गए हैं। श्रद्धालुओं को बाबा का झांकी दर्शन ही कराया जा रहा है। मेडीकल टीम के साथ परिसर में ही हेल्प डेस्क भी बनाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित