मऊ , अप्रैल 19 -- उत्तर प्रदेश में मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में गाजियाबाद निवासी युवती का शव फंदे से लटकता मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि आज भुजौटी स्थित एक होटल में महिला के फंदे से लटककर आत्महत्या करने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान गाजियाबाद निवासी भावना शर्मा (26) के रूप में हुई है। जांच में पता चला कि भावना हरियाणा के पानीपत निवासी शक्ति सिंह के साथ होटल में ठहरी हुई थी। उसके साथ उसका चार वर्षीय पुत्र भी मौजूद था। बताया गया कि भावना का अपने पति से करीब आठ माह पूर्व विवाद के बाद अलगाव हो गया था, जिसके बाद वह शक्ति सिंह के साथ रहने लगी थी।

पुलिस के मुताबिक दोनों पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से मऊ आए थे और पिछले तीन दिनों से होटल में ठहरे हुए थे। शक्ति सिंह ने पुलिस को बताया कि वह शनिवार को किसी कार्य से वाराणसी गया था। इसी दौरान भावना ने उसे फोन कर शीघ्र लौटने को कहा और आत्महत्या की धमकी दी। देर रात जब वह होटल लौटा तो भावना का शव फंदे से लटका मिला।

होटल कर्मचारियों की मदद से शव को नीचे उतारा गया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। क्षेत्राधिकारी नगर क्रिश राजपूत ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित