मऊ , अगस्त 27 -- उत्तर प्रदेश के मऊ में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत सीएमआईएस पोर्टल पर आधारित विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल योजना की खराब प्रगति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार कार्यदाई संस्था के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न कार्यदाई संस्थाओं द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जो फर्म अपेक्षित गति से काम नहीं कर रही हैं और बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद कार्य में तेजी नहीं ला रही हैं, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने 90 प्रतिशत से अधिक पूर्णता वाले जल जीवन मिशन के 71 कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने तथा उनकी नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी ने बताया कि ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के 47 कार्यों में 28 पूर्ण हो चुके हैं, जबकि एक कार्य निर्धारित समयसीमा के बाद भी लंबित है। उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड की दो परियोजनाओं में एक पूर्ण और एक अपूर्ण है। उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड के 18 कार्यों में 16 पूर्ण तथा दो निर्धारित समयसीमा के बाद भी लंबित हैं। यूपी सिडको की छह परियोजनाओं में तीन पूर्ण और तीन समयसीमा के बाद भी प्रगतिरत हैं।

सीएंडडीएस के 19 कार्यों में छह पूर्ण और 13 लंबित हैं। लोक निर्माण विभाग की 45 परियोजनाओं में 39 पूर्ण तथा छह कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर लंबित हैं। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के 43 कार्यों में 36 पूर्ण हो चुके हैं।

समीक्षा के दौरान मऊ जिला अस्पताल में उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा निर्माणाधीन 100 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक की प्रगति 84 प्रतिशत पाई गई। जिलाधिकारी ने कार्य में तत्काल तेजी लाकर इसे शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी तथा विभिन्न कार्यदाई संस्थाओं के अधिशासी अभियंता एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित