मऊ , सितम्बर 06 -- उत्तर प्रदेश में मऊ जनपद के कोपागंज थाना क्षेत्र में रविवार को सड़क किनारे गड्ढे में दो युवकों के शव एवं क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल मिली।

परिजनों व प्रशासन के अनुसार माना जा रहा है कि इन दोनों युवकों की मौत सड़क किनारे लगे बिजली के पोल में टकराने से हुई है।

पुलिस के अनुसार कुर्थी जाफरपुर निवासी आकाश (24) अपने बुआ के लड़के निकेश (21) निवासी दोहरीघाट के साथ कोपागंज बाजार से अपने घर को जा रहा था। तभी कुर्थीजाफरपुर कस्बे के बरलाई धवरियासाथ मार्ग पर जहनियापुर मोड स्थित एक अंधे मोड़ पर लगे बिजली के पोल से उक्त दोनों बाइक सवार टकरा गए और छटककर सड़क किनारे गड्ढे में चले गए।

रात भर परिजनों द्वारा उनकी काफी तलाश की गई। आज सुबह दोनों की लाश व क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल गड्ढे में पाई गई। इस घटना से आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों द्वारा कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया गया।

गौरतलब है कि अंधे मोड पर बिजली का पोल बिल्कुल सड़क से सटकर लगा हुआ है, जिसमें प्राय दुर्घटना होती रही है। ग्रामीणों के अनुसार अकेले उस पोल में टकराने से यह 13वीं मौत थी। स्थानीय आक्रोशित लोगों ने बताया कि लगातार विभाग से इस पोल को हटाने की बात की जाती रही, लेकिन किसी ने नहीं सुनी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित