मऊ , अप्रैल 7 -- उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने व्यापक चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें 449 वाहनों का चालान किया गया और चार वाहनों को सीज किया गया। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में यातायात पुलिस और थाना पुलिस की कुल 38 टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान 862 वाहनों की जांच की गई। इस दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग, बिना वैध कागजात, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन सहित विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पुलिस ने बताया कि चालान और सीज की कार्रवाई के साथ-साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया और सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित