मऊ , अप्रैल 12 -- उत्तर प्रदेश में मऊ जिले की पुलिस ने दो दिन पूर्व हुए एक युवक की हत्या के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने रविवार को बताया कि दो दिन सरायलखंसी थाना क्षेत्र के ग्राम रणवीरपुर में एक खेत से शिवम सिंह का शव बरामद हुआ। मृतक आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के हथौटा गांव का निवासी था। पुलिस जांच में पता चला कि शिवम सिंह के सिर पर कई वार कर उसकी हत्या की गई थी। पहचान छिपाने के लिए उसका चेहरा बुरी तरह कुचला गया था। सरायलखंसी थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक टीम गठित की गई, जिसने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। एसपी कमलेश बहादुर ने बताया, शिवम का गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग था। इससे नाराज होकर आरोपियों ने उसकी हत्या की साजिश रची। आठ अप्रैल की रात आरोपियों ने शिवम को शराब पिलाने के बहाने गांव के बाहर नदी किनारे बुलाया। वहां उन्होंने बांस के डंडे से उसके सिर पर कई वार कर हत्या कर दी और शव को खेत में छोड़कर फरार हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित