मऊ , अक्टूबर 01 -- उत्तर प्रदेश में मऊ जनपद के दक्षिणटोला थाना क्षेत्र में बिजली की चपेट में आने से मृतक तीन युवकों के परिजनों से ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने भेंट किया। इस दौरान उन्होंने आर्थिक सहयोग का चेक भी प्रदान किया।

गत दिनों मऊ जनपद के दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के इस्लामाबाद मोहल्ले में शादी समारोह के दौरान छत के ऊपर टेंट लगाते समय लोहे की पाइप हाई वोल्टेज बिजली के तार में स्पर्श कर गई थी। इस घटना में तीन युवकों की मौत हो गई थी।

इस सिलसिले में श्री शर्मा ने बुधवार रात मृतक युवकों के परिजनों से भेंट की और उन्हे एक-एक लाख रुपए का आर्थिक सहयोग चेक प्रदान किया। इस दौरान एके शर्मा ने कहा कि पीड़ित परिवार के साथ हम सभी के संवेदनाएं हैं आगे भी यथोचित सहयोग किया जाएगा। इस दुर्घटना में मो महमूद, मो कामिल व मो इरफान की मौत हो गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित