मऊ , अगस्त 27 -- उत्तर प्रदेश के मऊ में गायघाट स्थित महादेव मंदिर पर श्रावण मास के दौरान आपत्तिजनक और अश्लील रील बनाने वाले युवक-युवतियों के खिलाफ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने कहा कि जांच के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। श्री बहादुर ने बताया कि श्रावण मास के दौरान शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित गायघाट महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार सुरक्षा व्यवस्था की गई। वर्तमान में मंदिर घाट पर 24 घंटे पिकेट के जवान और महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
उन्होंने बताया कि इस बीच सोशल मीडिया पर मंदिर परिसर और घाट पर युवक-युवतियों द्वारा रील बनाकर वायरल किए जाने के मामले सामने आए हैं। इनमें कुछ रील आपत्तिजनक और भद्दे पाए गए हैं। ऐसे वीडियो बनाने और वायरल करने वालों की पहचान के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
एसपी ने कहा कि पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल रील और वीडियो की जांच कर रही है। जांच में जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित