मऊ , मार्च 12 -- मऊ जिले की पुलिस लाइन में होली पर्व सकुशल सम्पन्न होने के उपलक्ष्य में "बड़ा खाना" का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों और रिक्रूट आरक्षियों ने एक साथ सहभोज किया। पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन ने कहा कि बड़ाखाना अथवा सहभोज का कार्यक्रम सभी को एक साथ बैठने और आपसी भावनाएँ साझा करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों से त्योहारों की लंबी श्रृंखला के दौरान पुलिस के जवानों और अधिकारियों को लगातार सतर्कता और ड्यूटी में जुटे रहना पड़ा। इसके साथ ही रमजान के महीने में होली का त्योहार भी सकुशल सम्पन्न कराया गया।
उन्होंने कहा कि इसी के उपलक्ष्य में पुलिस लाइन में "बड़ा खाना" का आयोजन किया गया, जो जवानों, अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाने का कार्य करेगा। कार्यक्रम के दौरान एसपी डॉ. इलामारन ने स्वयं अपने हाथों से अधिकारियों और कर्मचारियों को भोजन परोसा।
इस अवसर पर उन्होंने होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिले के सभी थाना प्रभारियों और थानाध्यक्षों के कार्यों की सराहना की। बुधवार शाम आयोजित इस सहभोज में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर कृष राजपूत, क्षेत्राधिकारी लाइन दिनेश दत्त मिश्र, क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद शीतला प्रसाद पाण्डेय सहित जनपद के समस्त अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित