मऊ , सितंबर 4 -- उत्तर प्रदेश के मऊ में जिलाधिकारी के निर्देश पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत महिला कल्याण विभाग की हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ वूमेन टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, परदहा में एएनएम कर्मियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं, उनके अधिकारों तथा उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना समेत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला पावर लाइन 1090 और आपातकालीन सेवा 112 के बारे में बताया गया।
एएनएम कर्मियों से अपील की गई कि वे अपने कार्यक्षेत्र में महिलाओं एवं बालिकाओं को इन योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दें तथा पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा जरूरतमंद महिलाओं को संबंधित विभागीय सेवाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग की हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ वूमेन टीम की जिला मिशन समन्वयक अर्चना राय, जेंडर स्पेशलिस्ट राखी राय और तृप्ति राय सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, परदहा के कर्मचारी मौजूद रहे। उपस्थित कर्मचारियों ने महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े विषयों पर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित