मऊ , अप्रैल 10 -- उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में पुलिस कार्यप्रणाली को डिजिटल बनाने की दिशा में पहल करते हुए पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने विवेचकों को 68 टैबलेट वितरित किए। मुख्यालय से प्राप्त इन टैबलेट को अपर पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में जिले के विभिन्न थानों और शाखाओं को सौंपा गया। इसका उद्देश्य पुलिस कर्मियों के दैनिक कार्यों में सुगमता और दक्षता बढ़ाना है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि टैबलेट के उपयोग से विवेचना कार्य अब डायरी के बजाय डिजिटल माध्यम से किया जा सकेगा। इससे ऑनलाइन कार्यों के निष्पादन, सूचना के त्वरित आदान-प्रदान और डिजिटल सेवाओं के उपयोग में सहूलियत मिलेगी, जिससे कार्यों में पारदर्शिता और तेजी आएगी।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि टैबलेट का उपयोग जिम्मेदारी के साथ करते हुए शासकीय कार्यों को प्राथमिकता दें और तकनीक का अधिकतम लाभ उठाएं। इस अवसर पर जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित