मऊ , जून 19 -- पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी-गोरखपुर रेलखंड स्थित मऊ जंक्शन को शुक्रवार को रेल यात्री सुविधाओं की कई महत्वपूर्ण सौगातें मिलीं। इस अवसर पर नई ट्रेन सेवाओं के शुभारंभ और एक रेल सेवा के मार्ग विस्तार की घोषणा की गई।
रेलवे द्वारा आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बिहार के छपरा जंक्शन से वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर विभिन्न रेल सेवाओं का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और सांसद राजीव प्रताप रूडी भी उपस्थित रहे। वहीं मऊ जंक्शन पर आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा और स्थानीय सांसद राजीव राय मौजूद रहे।
कार्यक्रम के तहत मऊ से आनंद विहार के लिए संचालित ट्रेन को नियमित संचालन की स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा दोहरीघाट-औड़िहार डेमू ट्रेन सेवा का विस्तार कर उसे वाराणसी सिटी तक संचालित करने की घोषणा की गई। इसी क्रम में छपरा से आनंद विहार (दिल्ली) के बीच एक नई रेल सेवा का शुभारंभ भी किया गया, जिसका संचालन मऊ के रास्ते किया जाएगा। इससे पूर्वांचल के यात्रियों को राजधानी क्षेत्र तक आवागमन में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
केंद्रीय रेल मंत्री द्वारा वर्चुअल रूप से हरी झंडी दिखाए जाने के साथ ही मऊ जंक्शन पर खड़ी ट्रेन ने प्रस्थान संकेत दिया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर नई रेल सेवाओं और यात्री सुविधाओं का स्वागत किया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन नई सुविधाओं से मऊ और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा तथा क्षेत्रीय आवागमन को नई गति मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित