प्रयागराज , सितंबर 09 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब एक अज्ञात व्यक्ति का शव गुड़िया तालाब में तैरता मिला। यह तालाब थाना परिसर से महज 200 मीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग के पास स्थित है। शव दिखाई देने पर आसपास के लोगों ने तुरंत मऊआइमा पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही मौक़े पर पहुँची पुलिस टीम ने शव को तालाब से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने की कोशिश शुरू कर दी है। हालांकि शव की पहचान अभीतक नहीं हो पाई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तालाब में शव मिलने की खबर जल्द ही आसपास के इलाके में फैल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। थाना और राष्ट्रीय राजमार्ग के नजदीक शव मिलने से स्थानीय लोगों में भी चर्चा बनी हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि व्यक्ति की मौत तालाब में डूबने से हुई है या कोई और वजह है।

मृतक की पहचान और मौत के कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगा। पुलिस आसपास के इलाकों से भी जानकारी जुटा रही है, ताकि मृतक की पहचान जल्द हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित