फर्रुखाबाद , सितंबर 02 -- पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में मंधना जंक्शन-फर्रुखाबाद-कासगंज के बीच एक जोड़ी नई मेमो ट्रेन चलाने का प्रस्ताव है। मंधना-कानपुर अनवरगंज रेलखंड पर एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के निर्माण के दौरान रेल मार्ग पर ब्लॉक लिये जाने की स्थिति में यात्रियों की सुविधा के लिए यह व्यवस्था प्रस्तावित की गयी है।
रेल सूत्रों ने बुधवार को बताया कि इज्जतनगर मंडल के रेक लिंक के तहत वर्तमान में फर्रुखाबाद-कानपुर अनवरगंज/कानपुर सेंट्रल के बीच चार जोड़ी लोकल ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। कानपुर अनवरगंज-मंधना के बीच एलिवेटेड रेलवे ट्रैक निर्माण के दौरान ब्लॉक लिये जाने पर कुछ ट्रेनों के समय में आंशिक संशोधन कर दो जोड़ी एक्सप्रेस और दो जोड़ी सवारी गाड़ियों समेत कुल चार जोड़ी ट्रेनों का संचालन प्रस्तावित है।
सूत्रों के अनुसार, फर्रुखाबाद-कासगंज के बीच वर्तमान में छह जोड़ी ट्रेनें संचालित हैं। कुछ ट्रेनों के समय में आंशिक संशोधन के साथ तीन जोड़ी एक्सप्रेस और तीन जोड़ी सवारी गाड़ियों का संचालन पूर्व की भांति जारी रखने का प्रस्ताव है। इसी क्रम में मंधना जंक्शन-फर्रुखाबाद-कासगंज जंक्शन के बीच एक जोड़ी नई मेमो ट्रेन चलाने का भी प्रस्ताव है।
रेल सूत्रों ने बताया कि मंधना से फर्रुखाबाद के बीच 55343, 15037, 15039 और 55347 तथा फर्रुखाबाद से मंधना के बीच 55348, 15040, 15038 और 55346 ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव है। इसी प्रकार फर्रुखाबाद-कासगंज के बीच 55343, 15041, 55345, 15037, 15039 और 55341 तथा कासगंज-फर्रुखाबाद के बीच 55342, 15040, 15038, 55346, 55344 और 15042 ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव है।
उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 15037/15038 मंधना से फर्रुखाबाद के बीच सभी ब्लॉक स्टेशनों पर अस्थायी रूप से ठहराव करेगी। यह व्यवस्था एलिवेटेड ट्रैक का निर्माण कार्य पूरा होने तक लागू रखने का प्रस्ताव है। इसके अलावा गाड़ी संख्या 15041 फर्रुखाबाद-कासगंज को वर्तमान समय 07:15 बजे के बजाय 06:50 बजे रवाना करने का प्रस्ताव है। गाड़ी संख्या 55346 कासगंज-लखनऊ को मंधना तक चलाने तथा 55345 लखनऊ-कासगंज को मंधना से संचालित करने का भी प्रस्ताव है।
रेल सूत्रों के अनुसार, ये बदलाव एलिवेटेड रेलवे ट्रैक निर्माण के दौरान यात्रियों को वैकल्पिक रेल सुविधा उपलब्ध कराने और रेल यातायात को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से प्रस्तावित किये गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित